लखनऊ। यूपी के लखनऊ का लुलु मॉल एक बार फिर विवादों में है। इस बार एक महिला ने नमाज पढ़ी है, जिसका वीडियो वायरल है। वीडियो में बुर्का पहने एक महिला को नमाज पढ़ते देखा गया। फिलहाल माल प्रबंधन को यह पता नहीं चल सका है कि नमाज पढ़ने वाली महिला कौन है और उसने ऐसा क्यों किया।
सोशल मीडिया में वायरल इस वीडियो में एक बुर्का पहने महिला दीवार की तरफ चेहरा करके जमीन पर बैठी है और नमाज पढ़ रही है। इसी बीच कोई चुपके से वीडियो बनाता है और वॉशरूम की ओर निकल जाता है। यह वीडियो मॉल के ग्राउंड फ्लोर का बताया जा रहा है। 43 सेकंड के वीडियो में नजर आ रहा है कि 5-6 मुस्लिम महिलाएं और एक-दो बच्चे खड़े हैं। कुछ युवक भी हैं। वहीं, जनरल मैनेजर ऑपरेशंस समीर वर्मा का कहना है कि नमाज पढ़ी गई, इसकी मुझे जानकारी नहीं है। जांच के बाद हकीकत का पता चलेगा।
इंस्पेक्टर शैलेंद्र गिरी ने बताया कि सोमवार रात वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था। अधिकारियों को जानकारी देकर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद सीसी कैमरे आदि चेक किए जा रहे हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि वीडियो कितने दिन पहले का है। इसकी जानकारी अभी तक नहीं हो सकी है। इस बात की पड़ताल की जा रही है।
11 जुलाई को सीएम ने किया था लुलु मॉल का उद्धाटन
यूपी का सबसे बड़े मॉल लुलु मॉल का सीएम योगी आदित्यनाथ ने 11 जुलाई को उद्घाटन किया था। दो दिन बाद 13 जुलाई को मॉल का एक वीडियो सामने आया था। इसमें खुले में यानी पब्लिक प्लेस में लोग नमाज पढ़ते नजर आए थे। मामला पुलिस तक पहुंच गया था और चार लोगों मोहम्मद रेहान, आतिफ खान, मोहम्मद लोकमान और मोहम्मद नोमान को गिरफ्तार किया गया था।