बहराइच। किसान डिग्री कॉलेज के जेबी सिंह सभागार में महाविद्यालय के रसायन विज्ञान एवं भौतिक विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित ठाकुर हुकुम सिंह जिला विज्ञान प्रतियोगिता का मुख्य अतिथि राज्यमंत्री अनुपमा जायसवाल ने शुभारम्भ किया। इससे पूर्व उन्होंने स्व. ठाकुर हुकुम सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा प्रदर्शनी में लगाये गये माडलों का अवलोकन भी किया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए अनुपमा जायसवाल ने कहा कि बच्चों द्वारा प्रस्तुत मॉडल शानदार रहे। उन्होंने विज्ञान प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में वैज्ञानिकों सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इस दौरान एमएससी, बीएससी एवं इण्टर सेक्शन के प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार व प्रमाण-पत्र का वितरण किया। प्रतियोगिता के अवसर पर प्राचार्य मेजर डॉ एसपी सिंह, विशिष्ट अतिथि डॉ प्रज्ञा त्रिपाठी, एकता जायसवाल, राघवेन्द्र प्रताप सिंह, कार्यक्रम के आयोजक विभागाध्यक्ष रसायन डॉ विवेक दीक्षित सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एसके तिवारी, भाजपा पदाधिकारी जय प्रकाश शर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।