लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में गांव के बाहर पेड़ से 2 दलित बहनों की लटकती हुई लाश मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। इस मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सोहेल और जुनैद ने लड़कियों के साथ जबरन संबंध बनाए। पुलिस ने पॉक्सो और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
एसपी संजीव सुमन ने बताया कि लड़कियों का अपहरण नहीं हुआ था। दोनों बहनें अपनी मर्जी से गई थीं। छोटी बहन की सोहेल से दोस्ती थी, बड़ी लड़की की दोस्ती जुनैद से थी। दोनों की दोस्ती हाल ही में हुई थी। आरोपी लड़कियों को बहलाफुसला कर ले गए। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सोहेल और जुनैद ने लड़कियों के साथ जबरन संबंध बनाए।
पुलिस ने बताया कि मामले में कुल 6 आरोपी हैं। सभी आपस में दोस्त हैं। पुलिस ने अब तक छोटू , जुनैद, सोहेल, हफीजुरहमान, करीमुद्दीन और आरिफ को गिरफ्तार किया है। छोटू लड़कियों का पड़ोसी है, उसने ही लड़कियों की दोस्ती करवाई थी जबकि 5 अन्य आरोपी लालपुर के हैं। एक अभियुक्त जुनैद की मुठभेड़ के बाद गिरफ्तारी हुई है, जुनैद के पैर में गोली लगी है।
पेड़ पर लटके मिले थे दोनों बहनों के शव
जिले के निघासन थाना इलाके के एक गांव में बुधवार शाम करीब छह बजे अनुसूचित जाति की दो सगी बहनों के शव पेड़ से लटके मिले थे। मां का कहना है कि शाम करीब पांच बजे उनके सामने ही एक पड़ोसी और तीन अन्य लोग दोनों बेटियों को अगवा कर ले गए थे। घटना से गुस्साए परिजनों ने ग्रामीणों के साथ सदर चौराहे पर जाम लगा दिया
योगी सरकार पर विपक्ष का निशाना
मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। अखिलेश यादव ने घटना पर सरकार को घेरते हुए कहा कि यह ‘हाथरस की बेटी’ हत्याकांड की जघन्य पुनरावृत्ति है। वहीं प्रियंका गांधी ने कहा, ‘लखीमपुर में दो बहनों की हत्या की घटना दिल दहलाने वाली है।’
वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि लखीमपुर की घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। इस दुख की घड़ी में सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। अपराध करने वाला एक भी अपराधी बच नहीं पाएगा। उनके खिलाफ ऐसी कठोरतम कार्रवाई की जाएगी जो एक मिशाल बनेगी।
Discussion about this post