मिहींपुरवा। विश्व हिंदू परिषद व अशोक सिंघल सेवा न्यास द्वारा कस्बे के परवानी गौढ़ी में हिंदू छात्रों के लिए निशुल्क छात्रावास का शुभारंभ पूरे विधि विधान हवन पूजन के साथ किया गया।
छात्रावास का शुभारंभ के अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विहिप के केंद्रीय संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह पंकज ने कहा कि क्षेत्र के गरीब निराश्रित हिंदू छात्रों के लिए छात्रावास व्यवस्था की गई है। इसमें क्षेत्रीय संपन्न संभ्रांत लोगों का सहयोग दिया जाएगा। क्षेत्र के संपर्क में लोगों को इस व्यवस्था में सहयोग करना चाहिए। इस गुरुकुल छात्रावास में छात्रों को शिक्षा के साथ ही संस्कार की शिक्षा दी जाएगी। वह बच्चे कस्बे में स्थित विद्यालयों में अध्ययन करेंगे। उनके अध्ययन में होने वाले खर्च को विहिप द्वारा वहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत को विश्व गुरु बनाने में गुरुकुल शिक्षा महत्वपूर्ण साबित होगी।
मुख्य वक्ता गजेंद्र सिंह ने कहा विश्व हिंदू परिषद द्वारा अनेक कार्यक्रम किए जाते हैं लेकिन निशुल्क छात्रावास की व्यवस्था देकर क्षेत्र में गुरुकुल का शुभारंभ किया गया है। आज 11 बच्चे हैं आने वाले समय में इनकी संख्या सैकड़ों में होगी।
अवध प्रांत कार्य अध्यक्ष राजदेव सिंह ने गुरुकुल शिक्षा के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जब विश्व में कहीं भी शिक्षा के लिए विद्यालय नहीं थे। तब हमारे देश में तक्षशिला और नालंदा जैसे विश्वविद्यालय हुआ करते थे। गुरुकुल शिक्षा से ही भारत को विश्व गुरु बनाने में सफलता मिलेगी। कार्यक्रम के आयोजक व विभाग उपाध्यक्ष संदीप सिंह ने कहा कि गुरुकुल शिक्षा पद्धति को बढ़ावा देने के लिए छात्रावास खोला गया है। जिसमें 11 छात्रों के रहने खाने व पढ़ने स्टेशनरी की निशुल्क व्यवस्था की गई है। छात्रों को गुरुकुल शिक्षा देने के लिए आचार्य भी तैनात किए गए हैं । गरीब निराश्रित तथा जनजाति के बच्चों को प्राथमिकता दी गई है।
कार्यक्रम में सामाजिक कार्य में विशेष योगदान के लिए प्रकृति प्रेमी गौरैया संरक्षक मिथिलेश जायसवाल को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि केन्द्रीय मंत्री विहिप राजेन्द्र सिंह पंकज, क्षेत्रिय संगठन मंत्री गजेंद्र सिंह, अवध प्रान्त संगठन मंत्री राजेश सिंह, अवध प्रान्त कार्य अध्यक्ष राजदेव सिंह, विभाग अध्यक्ष राकेश दूबे, विभाग उपाध्यक्ष संदीप सिंह, जिलाध्यक्ष तरुन कुमार सिंह, सीमा जागरण मंच के जिला संपर्क प्रमुख योगेन्द्र मौर्य पिन्टू मौर्य, मनोज गौतम, प्रखण्ड अध्यक्ष हेमंत वर्मा, नगर संयोजक नीरज मिश्रा, नगर अध्यक्ष चन्द्रशेखर सिंह, दुर्गा वाहिनी की नीलम पोरवाल आदि विहिप के कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।