पंखे से लटका मिला यूट्यूबर का शव, पति के खिलाफ केस दर्ज

संतकबीरनगर। यूपी के संतकबीरनगर जिले में पूर्वांचल की मशहूर यू-ट्यूबर का शव गुरुवार सुबह कमरे में छत के पंखें से लटका मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता ने इस मामले में दामाद पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने पति विष्णु को हिरासत में ले लिया है।

क्षेत्र के काली जगदीशपुर निवासी यू ट्यूबर मालती चौहान पत्नी विष्णु चौहान (30) बुधवार की देर रात कमरे में सोने चली गई। गुरुवार की सुबह सास ज्ञानमती देवी ने आवाज दी तो काई जवाब नहीं मिला। खिड़की से झांक कर देखा तो मालती का शव पंखे में बंधी साड़ी से लटक रहा था। इस पर ज्ञानमती ने शोर मचाया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजनों ने शव नीचे उतारकर बरामदे में रख दिया था। मालती के पिता कोतवाली खलीलाबाद के उमरी कला निवासी दीप चन्द्र ने अपने दामाद यू ट्यूबर विष्णुराज पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपी विष्णु के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

15 दिन पहले विष्णु समेत दो के खिलाफ हो चुकी है शांति भंग की कार्रवाई
यूट्यूबर मालती चौहान ने कुछ दिन पहले पुलिस को एक तहरीर दी थी। उसका आरोप था कि पति विष्णु मारता-पीटता है। बीच-बचाव करने पहुंचे अर्जुन वर्मा से विवाद किया। पुलिस इस मामले में विष्णु चौहान और नाथनगर निवासी अर्जुन वर्मा का शांति भंग में चालान कर दिया था।

एक-दूसरे पर शक को लेकर होता रहता था विवाद
मालती चौहान और पति विष्णु के बीच काफी दिनों से शक को लेकर विवाद चल रहा था। मालती जहां एक लड़की से विष्णु के संबंध होने की शंका में थी। वहीं, विष्णु को मालती से एक युवक से संबंध होने शक रहता था, लेकिन तीन महीने से मामले ने तूल पकड़ लिया था। जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर काफी वायरल हो चुका है। यह मामला तीन बार स्थानीय थाने पर पहुंच चुका है। इतना ही नहीं इस मामले के पटाक्षेप के लिए अन्य यूट्यूबर टीम द्वारा हस्तक्षेप किया गया, लेकिन बात नहीं बन सकी थी। दिन प्रति दिन आरोप प्रत्क्षरोप चलता रहा।

विष्णु चौहान के खिलाफ दहेज हत्या का केस
यूट्यूबर मालती चौहान की मौत के मामले में पुलिस ने पिता की तहरीर पर पति विष्णु चौहान के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। तहरीर में कोतवाली खलीलाबाद के उमरी कला निवासी दीपचंद्र ने कहा कि बेटी मालती का विवाह पांच वर्ष पूर्व काली जगदीशपुर निवासी विष्णु पुत्र राम सूरत से हुआ था। विवाह के बाद से उनकी बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा था। दहेज में बाइक और दो लाख रुपये की मांग को लेकर हमेशा परेशान करते थे। नहीं देने पर विष्णु ने मालती चौहान की हत्या कर दी है। पुलिस ने दीपचंद्र की तहरीर पर पति विष्णु के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है और उसे हिरासत में ले लिया है।

दूसरी तहरीर में एक महिला और एक युवक के नाम का जिक्र
मालती चौहान के पिता दीपचंद्र की पहली तहरीर पर पुलिस ने पति विष्णु के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा तो दर्ज कर लिया है। इसके बाद मामले में एक नया मोड़ आ गया। सीओ को दूसरी तहरीर देकर दीपचंद्र ने हर किसी को चौंका दिया। दूसरी तहरीर में एक महिला और एक युवक को मालती की हत्या में शामिल होने का जिक्र कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

देसी स्टाइल में वीडियो बनाकर हुई थीं फेमस
मालती चाहौन कम समय में देसी स्टाइल में रील्स और वीडियो बनाकर फेमस हुई थीं। दोनों पति पत्नी यूट्यूब और टिकटॉक पर अपनी डांस की शॉर्ट्स वीडियो बनाकर अपलोड करते थे। कुछ महीने के बाद इनकी वीडियो वायरल होने लगा, जिसकी वजह से इनके यूट्यूब चैनल पर आज 6 मिलियन से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं।

सीओ धनघटा को दी दूसरी तहरीर में दीपचंद्र ने बताया कि उनका दामाद काफी दबंग और मनबढ़ किस्म का है। एक महिला से दामाद का अवैध संबंध था। इसी बात को लेकर साजिश करके उसकी बेटी की हत्या दामाद विष्णु, एक महिला व एक अन्य ने मिलकर कर दी है। फिलहाल पुलिस ने दूसरी तहरीर पर केस दर्ज नहीं किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *