देश को लूटने के लिए बना विपक्षी गठबंधन इंडिया: बृजभूषण सिंह

बहराइच। कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृज भूषण शरण सिंह ने विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिए देश के सांप, बिच्छू, नेवला और कबूतर एक पेड़ पर इकट्ठा हो रहे हैं। जो एक दूसरे के दुश्मन है। हालांकि इससे देश का भला होने वाला नहीं है। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि इंडिया गठबंधन सिर्फ देश के लोगों को लूटने के लिए बना है।

शहर के लखनऊ रोड स्थित एक प्रतिष्ठान के उद्घाटन के दौरान पत्रकारों से वार्ता करते हुए सांसद सिंह ने इंडिया गठबंधन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जनता को बरगलाने के लिए इंडिया गठबंधन बनाया गया है। पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में सांसद ने कहा कि जैसे बरसात के मौसम में सांप, बिच्छू, मोर, नेवला व कबूतर सुरक्षित स्थान की तलाश करते हैं। ठीक इसी तरह इंडिया गठबंधन के लोग हैं।

उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन अपना नेता क्यों नहीं घोषित करता है कि इसमें कौन संयोजक होगा, कौन प्रधानमंत्री। यह देश को धोखा देने लिए बनाया गया गठबंधन है। यह चलने वाला नहीं हैं। चुनाव के बाद भरभरा कर गिर जाएगा।

मोदी के नाम पर जनता मतदान कर रही
उन्होंने कहा कि राहुल कहते हैं कि उन्हें बोलने नहीं दिया जा रहा है। यह जनता को बरगलाने का प्रयास किया जा रहा। इतनी उम्र होने के बाद भी उन्हें समझ नहीं है, वह मुद्दा ही नहीं उठा पा रहे हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार मिलकर देश का विकास कर रही है। जिसके चलते एक समय जैसा कांग्रेस का था, ठीक उसी तरह अब भाजपा पार्टी बन गई है। उन्होंने कहा कि अब सिर्फ भाजपा और मोदी के नाम पर जनता मतदान कर रही है।केंद्र में दो बार भाजपा की सरकार बनी है। इस बार भी जनता जीत दिलाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *